जयपुर। बाड़मेर में अधिकतम तापमान लगभग 47 डिग्री के पास पहुंच गया। आज से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं। प्रदेश के 21 शहरों में आज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
यह भी देखें
धोरों की धरती में भट्टी सा अहसास
प्रदेश में पड़ रही प्रचंड गर्मी से धोरों की धरती में भट्टी सा एहसास होने लगा है लेकिन एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं। जयपुर मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस पश्चिमी विक्षोभ प्रभाव से आज से राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियां शुरू होंगी, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की प्रबल संभावना है। आज जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और जयपुर संभागों में दोपहर बाद तीव्र मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश तथा 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। वहीं 2 व 3 मई को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा, जयपुर व भरतपुर संभाग में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं तेज अंधड़ व बारिश होने की प्रबल संभावना है। 4 से 7 मई को राज्य के कुछ भागों में आंधी व बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, जिसके प्रभाव से तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। मौसम में आ रहे इस बदलाव से लगातार चल रही हीट वेव से राहत मिलेगी।
बाड़मेर में पारा 46.8 पहुंचा
राजस्थान में गर्मी का प्रकोप कितना भीषण है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जैसलमेर में पिछले 56 साल में इस बार सबसे तेज गर्मी पड़ रही है। बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, वहीं बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें
- कब भरे जाएंगे ‘जिलाध्यक्षों’ के रिक्त पद? खरगे ने बीच मीटिंग में जताई नाराजगी
- जोधपुर में नकली नोटों की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 7.50 लाख के जाली नोट जब्त
Mahendra Mangal